Operation Sindoor अधूरा है": बिहार कांग्रेस के पोस्ट ने मचाया सियासी भूचाल
YouTube video link....https://youtu.be/2PwAuRoony4
**ऑपरेशन सिंदूर के बाद बिहार कांग्रेस का विवादित पोस्ट, सियासत में मचा घमासान**
*– रिपोर्ट: राधा राणा*
‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद देशभर में सेना की सराहना हो रही थी, लेकिन इसी बीच बिहार कांग्रेस के एक पोस्ट ने सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर कांग्रेस की ओर से साझा की गई एक पोस्ट में चार आतंकियों की तस्वीरें दिखाते हुए लिखा गया, *"ऑपरेशन सिंदूर अधूरा है, जब तक पहलगाम के दरिंदे जिंदा हैं।"* इस पोस्ट ने न सिर्फ सियासी हलकों में बवाल मचा दिया, बल्कि कांग्रेस की मंशा और समय को लेकर सवाल भी खड़े कर दिए।
इस पोस्ट में जिन चार आतंकियों की तस्वीरें साझा की गई हैं, वे पहलगाम आतंकी हमले में शामिल बताए जा रहे हैं। कांग्रेस ने सवाल किया है कि इन आतंकियों का अब तक क्या हुआ? यह पोस्ट ऐसे समय पर सामने आया है जब भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने की खबर पर देश जश्न मना रहा है और सेना के शौर्य की सराहना की जा रही है।
बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता राजेश राठौर ने बयान देते हुए कहा कि कांग्रेस सेना के ऑपरेशन सिंदूर की सराहना करती है, लेकिन देश को यह जानने का हक है कि पहलगाम हमले के दोषियों पर क्या कार्रवाई हुई। उन्होंने कहा कि जब तक उन दरिंदों को सज़ा नहीं मिलती, तब तक ऑपरेशन अधूरा माना जाएगा।
हालांकि कांग्रेस की इस टिप्पणी पर विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि जब देश की सेना दुश्मनों को करारा जवाब दे रही है, तब कांग्रेस ऐसे बयानों से सेना का मनोबल गिरा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से पाकिस्तान के पक्ष में बोलती आई है, चाहे वो सर्जिकल स्ट्राइक हो या बालाकोट एयरस्ट्राइक, कांग्रेस का रुख संदिग्ध रहा है।
सोशल मीडिया पर भी यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गया, जहां एक वर्ग इसे जनता की ओर से उठाया गया वाजिब सवाल मान रहा है, तो दूसरा इसे देश की सुरक्षा पर राजनीति करने की कोशिश बता रहा है। कई रिटायर्ड सेना अधिकारियों ने भी कांग्रेस की इस पोस्ट पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सेना की कार्रवाई को अधूरा बताना एक तरह से उनके बलिदान को कमतर आंकने जैसा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की बयानबाजी से पाकिस्तान को एक मौका मिल सकता है भारत के खिलाफ गलत नैरेटिव फैलाने का। ऐसे समय में जब सेना सीमाओं पर मोर्चा संभाले हुए है, राजनीतिक दलों को जिम्मेदारी दिखानी चाहिए।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह बहस छेड़ दी है कि क्या राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर राजनीतिक दलों को एकजुट रहना चाहिए या फिर सवाल उठाने की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी संवेदनशील मुद्दे को सियासी रंग देना सही है?
अब देखना यह है कि कांग्रेस अपने इस बयान पर कायम रहती है या फिर बढ़ते विवाद के बीच कोई सफाई सामने आती है। लेकिन एक बात तो तय है कि 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता के बीच उठा यह सवाल राजनीतिक गलियारों में अभी थमने वाला नहीं है।
0 Response to "Operation Sindoor अधूरा है": बिहार कांग्रेस के पोस्ट ने मचाया सियासी भूचाल"
एक टिप्पणी भेजें