बिहार में अब तक क्यों नहीं बना बीजेपी का मुख्यमंत्री?
YouTube video link....https://youtu.be/RumlaGeVGQw
**बिहार में अब तक क्यों नहीं बना बीजेपी का मुख्यमंत्री? नेताओं ने दिए चौंकाने वाले जवाब**
भारतीय जनता पार्टी की स्थापना के 45 साल पूरे होने पर बिहार में पार्टी ने अपने मुख्यालय में झंडोत्तोलन कर जश्न मनाया। इस मौके पर बिहार की राजनीति में एक बार फिर ये बड़ा सवाल उठ खड़ा हुआ—अब तक बिहार में बीजेपी का खुद का मुख्यमंत्री क्यों नहीं बना? इस पर जब एबीपी न्यूज ने पार्टी के बड़े नेताओं से बात की तो उनके जवाबों ने बहुत कुछ साफ कर दिया।
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने कहा कि बीजेपी और जेडीयू एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। हम सामूहिक नेतृत्व में विश्वास रखते हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं की इच्छा ही हमारे लिए सबसे अहम होती है। उन्होंने ये भी कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार ने कानून-व्यवस्था से लेकर सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अच्छा काम किया है। वहीं डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भी इस सवाल पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि 1990 से हम गठबंधन में हैं। पहले आरजेडी को समर्थन दिया था, लेकिन हालात बदले। अब नीतीश कुमार सुशासन के प्रतीक हैं और बिहार की भलाई के लिए बीजेपी उनके नेतृत्व में काम कर रही है।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जयसवाल का जवाब भी ध्यान देने लायक था। उन्होंने कहा कि बीजेपी देशहित और सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की सोच के साथ चलती है। उन्होंने कहा कि जब विचारधारा के आधार पर गठबंधन होता है, तो सरकार अकेले नहीं बनाई जाती। नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में जो विकास हुआ है, उसे कोई नहीं नकार सकता। अब हम बुलेट ट्रेन की बात कर रहे हैं और जात-पात की राजनीति से ऊपर उठ चुके हैं।
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने भी साफ शब्दों में कहा कि नीतीश कुमार हमारे ही हैं। हम चुनाव अपने बूते पर लड़ते हैं लेकिन सहयोगियों को साथ लेकर चलते हैं। बिहार के हित में जो बेहतर होगा, बीजेपी वही करेगी।
इन सभी बयानों से साफ है कि बीजेपी बिहार में अभी भी गठबंधन की राजनीति को ही प्राथमिकता दे रही है। हालांकि पार्टी का जनाधार मजबूत है, लेकिन अभी तक सीएम पद की लड़ाई में वह नीतीश कुमार के साथ खड़ी दिख रही है। आने वाले विधानसभा चुनावों में क्या समीकरण बदलेंगे? क्या बीजेपी अपने सीएम चेहरे को आगे लाएगी? या फिर एक बार फिर नीतीश कुमार ही अगुआई करेंगे? ये सवाल अब भी बरकरार है और जवाब वक्त ही देगा।
0 Response to "बिहार में अब तक क्यों नहीं बना बीजेपी का मुख्यमंत्री? "
एक टिप्पणी भेजें