क्या RJD अपने मुस्लिम वोटरों को नहीं संभाल पा रही? लालू तेजस्वी से भड़क रहे मुसलमान
YouTube video link....https://youtu.be/Fp4FmvENlgA
दरभंगा की सियासी जमीन पर जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने एक बार फिर अपने तीखे बयानों से हलचल मचा दी। सोमवार को एक दिवसीय यात्रा पर दरभंगा पहुंचे प्रशांत किशोर ने परिसदन में प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा, आरजेडी और जेडीयू पर करारे हमले किए। खासकर बाबा बागेश्वर के हिंदू राष्ट्र वाले बयान को लेकर उन्होंने भाजपा को सीधी चुनौती दी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह देश किसी बाबा के कहने से नहीं चलेगा, बल्कि लोकतंत्र के जरिए संविधान से चलेगा। अगर भाजपा सच में हिंदू राष्ट्र बनाना चाहती है, तो संसद में कानून लाए, लेकिन हकीकत यही है कि मोदी और अमित शाह खुद कहते हैं कि वे संविधान से बंधे हुए हैं। सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब भाजपा खुद मानती है कि देश संविधान से चलता है, तो फिर उनके नेता और समर्थक बाबा बागेश्वर के बयान का समर्थन क्यों कर रहे हैं?
होली पर दरभंगा के एक भाजपा विधायक द्वारा मुसलमानों को घर से बाहर न निकलने की सलाह पर प्रशांत किशोर भड़क उठे। उन्होंने दो टूक कहा कि यह विधायक के बाप का राज नहीं है कि जो वह बोलेंगे, वही होगा। बिहार की जनता समझदार है और वह तय करेगी कि उसे क्या करना है। प्रशांत किशोर ने भाजपा पर सांप्रदायिक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी लगातार ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है, लेकिन जनता अब इस खेल को समझ चुकी है।
आरजेडी और तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि तेजस्वी को मुफ्त में मुसलमानों का वोट लेने की आदत पड़ गई है। अब मुसलमान उनके लालटेन से निकल रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव मुसलमानों को डराने की राजनीति कर रहे हैं कि अगर वे आरजेडी को वोट नहीं देंगे तो भाजपा सत्ता में आ जाएगी। लेकिन अब मुसलमानों को एक नया विकल्प मिल गया है, और वह है जन सुराज। यही वजह है कि तेजस्वी घबराए हुए हैं और लगातार बयानबाजी कर रहे हैं।
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि राजद की लालटेन जलाने वाला केरोसिन तेल मुसलमान थे, और जिस दिन मुसलमान राजद से हट गए, उस दिन लालटेन का बुझना तय है। उन्होंने कहा कि जनता अब लालू यादव के जंगलराज और नीतीश कुमार की प्रशासनिक नाकामी से तंग आ चुकी है। बिहार में अब असली लड़ाई भाजपा और जन सुराज के बीच होने वाली है।
दरभंगा की राजनीति को लेकर उन्होंने भविष्यव णी करते हुए कहा कि इस बार मुकाबला भाजपा और जन सुराज के बीच होगा। उन्होंने कहा कि अब तक लोग भाजपा को विकल्प के अभाव में वोट देते आ रहे थे क्योंकि उन्हें लालू यादव के जंगलराज का डर था। लेकिन अब जनता के पास एक मजबूत विकल्प है, और वह है जन सुराज। उन्होंने दावा किया कि खासकर शहरी इलाकों में इस बार मुकाबला भाजपा और जन सुराज के बीच सीधा होगा, और परिणाम चौंकाने वाले होंगे।
प्रशांत किशोर के इन बयानों ने बिहार की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि उनके इस दावे पर भाजपा और आरजेडी की क्या प्रतिक्रिया आती है और क्या वाकई बिहार की राजनीति में कोई नया समीकरण बनता है।
0 Response to "क्या RJD अपने मुस्लिम वोटरों को नहीं संभाल पा रही? लालू तेजस्वी से भड़क रहे मुसलमान"
एक टिप्पणी भेजें